मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिले के परसवाड़ा, बैहर एवं बिरसा विकासखंडों में तीन दिवसीय जननायक समारोह आयोजित किए जाएंगे। सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर ने बताया कि तीनों विकासखंडों में समारोह की तैयारियां की जा रही हैं।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, परसवाड़ा में 21 से 23 अक्टूबर तक उत्कृष्ट छात्रावास परिसर, बैहर में 25 से 27 अक्टूबर तक खेल परिसर मैदान तथा बिरसा में 29 से 31 अक्टूबर तक शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में समारोह आयोजित होंगे। सभी कार्यक्रम शाम 7 बजे से प्रारंभ होंगे।समारोह में राजा पेमलशाह, राजा लोहागुंडी एवं राजा हीराखान सिंह छत्री पर केंद्रित नृत्य-नाट्य प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इन प्रस्तुतियों का मंचन जनजाति लोक कला एवं बोली विकास अकादमी तथा मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद के कलाकारों द्वारा किया जाएगा।समारोह के सुचारू आयोजन के लिए संबंधित विकासखंडों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अधिकारियों को आयोजन स्थल की व्यवस्था, अतिथियों को आमंत्रित करने, पेयजल एवं पुलिस सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।जिला प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर जननायकों के जीवन एवं योगदान पर केंद्रित समारोह में सहभागिता करने की अपील की है।
तीन जनजातीय विकासखंडों में होगा जननायक समारोह का आयोजन
परसवाड़ा में 21 अक्टूबर, बैहर में 25 अक्टूबर और बिरसा में 29 अक्टूबर से शुरू होंगे समारोह
खबरिया डेस्क, बालाघाट · 19 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट