मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत 23 अक्टूबर को ग्राम पंचायत परिसर चांगोटोला में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री मधु भगत, कलेक्टर श्री आदित्य सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा, अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन, जनपद अध्यक्ष श्री फूलचंद सहारे, उपाध्यक्ष डॉ. शंकरलाल बिसेन, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री पूरनलाल ठाकरे, सरपंच श्री प्रमोद ठाकरे सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर में कुल 146 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान उद्यम संवाद का आयोजन कर क्षेत्र के युवाओं एवं उद्यमियों से चर्चा की गई और उनके अनुभव सुने गए।
किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनवाने और पराली का उचित प्रबंधन करने की सलाह
शिविर में कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने किसानों से अपने खेतों की मिट्टी का प्रयोगशाला में परीक्षण कराकर मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्राप्त करने तथा उसकी अनुशंसा के अनुसार ही उर्वरकों का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने किसानों को पराली नहीं जलाने और उसका उचित प्रबंधन कर खाद बनाने में उपयोग करने की सलाह दी। कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि वे स्वरोजगार के लिए पशुपालन, मुर्गीपालन, बकरीपालन सहित अन्य शासकीय योजनाओं के तहत आवेदन कर सकते हैं। शिविर में प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई कर उनका निराकरण किया जाएगा। शिविर के दौरान स्वामित्व योजना के अंतर्गत 8 हितग्राहियों को रजिस्ट्री पत्र वितरित किए गए। कृषि विभाग की ओर से ग्राम बसेगांव के राधेश्याम साहू को सरसों बीज तथा ग्राम चरेगांव के दिनेश राहंगडाले को अलसी का बीज प्रदान किया गया। वहीं, आजीविका मिशन से जुड़ी 5 लखपति दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पानी टंकी, आईटीआई और सड़क निर्माण की मांग उठाई
शिविर में ग्रामीणों ने चांगोटोला की पानी टंकी को डिस्मेंटल करने की आवश्यकता बताई। इस पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने चांगोटोला में आईटीआई खोलने तथा नगरवाड़ा से हिरमुटोला तक सड़क निर्माण की मांग भी रखी। इन मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया।
उद्यम संवाद में स्वरोजगार से जुड़े हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव
उद्यम संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा ने क्षेत्र के उद्यमियों से बातचीत कर उनके अनुभवों एवं समस्याओं की जानकारी ली। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत 7 लाख रुपये का ऋण लेकर आटा चक्की व्यवसाय संचालित करने वाले जयंत राजुलकर तथा 10 लाख रुपये का ऋण लेकर वेल्डिंग शॉप चलाने वाले शुभम साहू ने अपने अनुभव साझा किए। इसी प्रकार प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 1-1 लाख रुपये का ऋण लेकर कारपेंटर का व्यवसाय करने वाले चेतन सिंह मरकाम, राकेश बांगरे, प्रेम सिंह विश्वकर्मा, जागेश्वर उइके और सुमित विश्वकर्मा ने भी अपने व्यवसाय की जानकारी दी। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 1 लाख रुपये का ऋण लेकर किराना दुकान संचालित करने वाली रूपाली बांगरे ने बताया कि शासन से मिली सहायता से वह अपना व्यवसाय सफलतापूर्वक चला रही हैं। सभी हितग्राहियों ने शासकीय योजनाओं से मिले सहयोग को स्वरोजगार स्थापित करने में उपयोगी बताया।
आजीविका मिशन की महिलाओं ने बताईं अपनी व्यावसायिक गतिविधियां
उद्यम संवाद में आजीविका मिशन से जुड़ी राशिदा परवीन, नेहा बिसेन, रंजू पौरगड़े, संजू नगपुरे, हीना लिल्हारे एवं सरिता लांजेवार ने अपनी व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी साझा की। संवाद का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों एवं स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं के अनुभवों को जानना, उनकी समस्याओं को समझना तथा शासकीय योजनाओं के माध्यम से आजीविका के साधनों को बढ़ावा देना रहा।
अधिकारियों ने विभागीय गतिविधियों का किया निरीक्षण, स्कूल में बच्चों से किया संवाद
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने चांगोटोला क्षेत्र में संचालित विभागीय गतिविधियों का निरीक्षण किया। इसी क्रम में अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन ने नेवरगांव की शासकीय माध्यमिक शाला का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था के संबंध में भी चर्चा की और उन्हें विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। अपर कलेक्टर ने शिक्षकों से नियमित रूप से अध्यापन कार्य करने तथा विद्यार्थियों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए सार्थक प्रयास करने के निर्देश दिए।
