पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा देवास जिले के चयनित वृंदावन ग्रामों में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता 27 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 के मध्य आयोजित होगी। प्रतियोगिता के लिए देवास जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक-एक ग्राम का चयन किया गया है। इनमें वृंदावन ग्राम सुनवानी महाकाल, आगरोद, चौबाराधीरा, विक्रमपुर एवं पोपरी शामिल हैं। इन ग्रामों में दो दिवसीय दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में भारतीय उन्नत एवं देशी नस्ल की ऐसी गायों के वृंदावन ग्राम के निवासी पशुपालक भाग ले सकेंगे, जिनका प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन 6 लीटर या उससे अधिक है। इच्छुक पशुपालक अपने निकटतम पशु चिकित्सा संस्था में पंजीयन कराकर प्रतियोगिता में सहभागिता कर सकते हैं। प्रतियोगिता में सभी वर्गों के पशुपालक आवेदन कर सकते हैं।