पशुपालन, किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण साधन है
मुख्यमंत्री ने आगर के बलराम कृषि महोत्सव में किसानों से किया सीधा संवाद
हरदा 9 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदा से वीडियों कन्फ्रेसिंग से आगर के नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण में शुक्रवार को आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में सहभागिता करते हुए किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कृषक कल्याण वर्ष के तहत् आयोजित कार्यक्रमों में किसानों से कृषि गतिविधियों, शासन की किसान हितैषी योजनाओं से मिल रहे लाभ, कृषि के क्षेत्र में नवाचार तथा किसानों की आवश्यकताओं के संबंध में संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मैं गुरूवार को ही प्रदेश के लिये निवेशकों से 90 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव लेकर आया हॅू। आगर में 3800 करोड़ की मैक्केन फूड परियोजना शुरू हो रही है, इसमें 2 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। पशुपालन किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण साधन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगर-मालवा जिले के लालूखेड़ी में आलू प्रसंस्करण का 200 करोड़ का उद्योग स्थापित हो रहा है, लालूखेड़ी के साथ ही अब आगर-मालवा जिले के किसान आलू उगाऐंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली सम्बोधित करते हुए कहा कि आगर एवं सुसनेर का संतरा देश भर में भेजा जा रहा है। आगर जिले के संतरे ने नागपुर को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि जिले के पशुपालक गौपालन के लिये भी विशेष रूप से जाने जाते है। जैविक दूध प्रदेश में कही मिलता है तो आगर में ही मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का दूध उत्पादन भी बढ़ेगा, सांची का दुग्ध ब्राण्ड भी बढ़ रहा है। सांची के दुग्ध ब्राण्ड को 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगर जिला सौर उर्जा एवं विण्ड एनर्जी के लिये भी अपनी अलग पहचान रखता है। प्रदेश में पर्याप्त बिजली, सिंचाई के लिये पानी उपलब्ध है और पांच लाख किलोमीटर की सड़को का जाल भी है। उन्होंने ने कहा कि 2027 तक गेहूं 2700 से के भाव में खरीदेंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि आगर जिला गौ-सेवा के लिये भी विशेष पहचान रखता है। गौ-अभयराण्य सालरिया एवं जिले की अन्य गौशालाओं में 20 हजार से अधिक गौवंश की समुचित देखभाल की जा रही है। सरकार प्रति गौवंश 40 रूपए प्रतिदिन के मान से गौवंश की देखभाल के लिये गौशालाओं को राशि प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गौपालन पुरस्कार योजना की चर्चा करते हुए कहा कि गौपालन को बढ़ावा देने के लिये गौपालन पुरस्कार योजना के तहत् अच्छे पशुपालकों की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिसमें प्रत्येक विकास खण्ड से प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाले पशुपालक को एक लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार के लिये 50 हजार एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रूपए की राशि पशुपालक को प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बिनायगा बड़ौद के प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले किसान श्री राधेश्याम परिहार, आखाखेड़ी तनोडिया के प्राकृतिक अरहर खेती करने वाले किसान रोहित शर्मा एवं अन्य उपस्थित प्रगतिशील कृषकों से वर्चुअली संवाद कर उनके द्वारा की जा रही प्राकृतिक, जैविक एवं उन्नत कृषि के बारे में जानकारी ली तथा इससे होने वाले लाभ के बारे में भी चर्चा कर सराहना की।