युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 20 नवम्बर 2026 को प्रातः 10 बजे से शासकीय कन्या महाविद्यालय, झाबुआ में किया जाएगा। युवा उत्सव का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, युवा एकीकरण एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानन्द की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाता है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप वर्ष 2025 से राष्ट्रीय युवा उत्सव को नवीन स्वरूप प्रदान करते हुए इसे दो प्रमुख भागों 'यंग लीडर्स' एवं 'सांस्कृतिक ट्रैक' के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में वर्ष 2027 का राष्ट्रीय युवा उत्सव 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में 'युवा शक्ति से जन भागीदारी' के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा।

जिला स्तरीय युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा कलाकार भाग ले सकेंगे। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 की स्थिति में की जाएगी। इस वर्ष सांस्कृतिक ट्रैक के अंतर्गत 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' थीम पर समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक एवं पेंटिंग सहित कुल पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

प्रतियोगिता में सहभागिता हेतु पंजीयन एवं आवश्यक दस्तावेज

जिला स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने के इच्छुक युवा कलाकारों का MY BHARAT पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है। प्रतिभागियों को निर्धारित पंजीयन फॉर्म भरकर उसके साथ दो पासपोर्ट आकार के फोटो, जन्म प्रमाण पत्र अथवा आधार कार्ड तथा बैंक पासबुक की छायाप्रति संलग्न करनी होगी। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के लिए आवश्यक सामग्री एवं उपकरण प्रतिभागियों को स्वयं साथ लाने होंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सम्मिलित होने वाले कलाकारों को यात्रा किराए का भुगतान नहीं किया जाएगा तथा उन्हें यात्रा व्यय स्वयं वहन करना होगा।

जिला स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभा प्रदर्शन का मिलेगा अवसर

जिला स्तरीय युवा उत्सव में चयनित प्रतिभागियों को संभागीय युवा उत्सव में सहभागिता का अवसर मिलेगा। संभागीय स्तर पर चयनित युवा कलाकार राज्य स्तरीय युवा उत्सव, भोपाल में भाग लेंगे। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा उत्सव-2027 में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिले के पात्र एवं प्रतिभाशाली युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराकर जिला स्तरीय युवा उत्सव में सहभागिता करने की अपील की गई है।