"माय भारत" खंडवा द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के तहत जिला स्तरीय "विकसित भारत युवा संसद 2027" का आयोजन शुक्रवार को पीएम श्री महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खंडवा में किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए निर्धारित विषय पर अपने विचार, तर्क एवं दृष्टिकोण प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ना, उनमें संसदीय परंपराओं के प्रति समझ विकसित करना तथा राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर तार्किक एवं रचनात्मक विचार प्रस्तुत करने के लिए मंच प्रदान करना था।
इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रतियोगिता के मूल्यांकन हेतु निर्णायक मंडल में चंद्रपाल सिंह रावत, एस.एन. कॉलेज; टी.आर. ब्राह्मणे, एस.एन. कॉलेज; श्रीमती अरजारे, एमएलबी स्कूल; राजीव मीना, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट कोच एवं मनीषा बाथम, यूथ आइकॉन शामिल रहे। प्रतियोगिता के परिणामों में यशस्वी सिंह ठाकुर ने प्रथम स्थान, तेजस झा ने द्वितीय स्थान तथा उन्नति चंद्रवंशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिला स्तर पर चयनित शीर्ष तीन प्रतिभागियों को आगामी राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद में खंडवा जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।