प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग और बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के विरुद्ध आवाज उठाई और जनजातीय समाज को संगठित कर संघर्ष का बिगुल बजाया। उनके अदम्य साहस, पराक्रम और समाज के प्रति समर्पण के कारण आज पूरा देश उन्हें भगवान के रूप में पूजता है। भगवान बिरसा मुंडा और शहीद भगत सिंह जैसे वीर बलिदानियों का जीवन हम सभी के लिए आदर्श और प्रेरणा का केंद्र है। मंत्री श्री सिंह भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर जिले के डंगहा (चीचली) में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान का इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज को शिक्षा एवं विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाएं। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकार गांव-गांव में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजें और उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करें। जनजातीय समाज के युवाओं के लिए शासकीय सेवाओं में भी अनेक अवसर उपलब्ध हैं। बच्चे स्नातक, 12वीं, बीएड, डीएड सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों और प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से रोजगार प्राप्त कर सकते हैं।

मंत्री श्री सिंह ने बताया कि चीचली में सांदीपनि विद्यालय प्रारंभ किया जा रहा है, जिसमें करीब दो हजार बच्चों के अध्ययन की व्यवस्था होगी। इसी प्रकार प्रेमपुर में हायर सेकेंडरी विद्यालय स्वीकृत किया गया है, जिससे क्षेत्र की बेटियों और बच्चों को 11वीं एवं 12वीं की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, इसके लिए स्कूलों में बेहतर भवन, शिक्षक और शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

आईटीआई प्रशिक्षण लेकर युवा रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ें

मंत्री श्री सिंह ने युवाओं को तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आईटीआई भवन का निर्माण किया गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों से आग्रह है कि वे अपने बच्चों को आईटीआई में प्रवेश दिलाएं। तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा एनटीपीसी जैसी संस्थाओं में रोजगार प्राप्त करने के साथ स्वयं का व्यवसाय भी शुरू कर सकते हैं।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार माताओं-बहनों और बेटियों के कल्याण के लिए निरंतर योजनाएं संचालित कर रही है। लाड़ली लक्ष्मी योजना, निःशुल्क शिक्षा, दूरस्थ स्कूलों में जाने वाले बच्चों को साइकिल, अच्छे अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप एवं 12वीं में अच्छे अंक लाने वाली छात्राओं को स्कूटी प्रदान करने जैसी योजनाओं से बच्चों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, मजदूर और व्यापारी सभी चाहते हैं कि उनके बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त करें। सरकार भी इसी उद्देश्य से बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कार्य कर रही है। शिक्षित समाज में बुराइयां स्वतः कम होती हैं और युवा नशे जैसी प्रवृत्तियों से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ते हैं।

खेल और रचनात्मक गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा दिखाएं युवा

मंत्री श्री सिंह ने युवाओं से शिक्षा के साथ खेलकूद, संगीत और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा निखारने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि परिश्रम और लगन से किए गए कार्य का परिणाम अवश्य मिलता है। अपनी पूरी मेहनत से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें।

पंचायत परिसीमन में छोटी पंचायत के गठन की संभावनाओं पर होगा विचार

मंत्री श्री सिंह ने ग्राम क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और बड़ी पंचायत के कारण विकास कार्यों के संचालन में आने वाली कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए कहा कि आगामी पंचायत परिसीमन के दौरान इस क्षेत्र में छोटी पंचायत के गठन की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा। क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप पंचायतों का पुनर्गठन होने से विकास कार्यों को गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर विकास के नए रास्ते खुलेंगे।

जनजातीय अंचल में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर बनाने के होंगे प्रयास

मंत्री श्री सिंह ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्या पर कहा कि चांदनखेड़ा में औषधालय संचालित है। इसके अतिरिक्त डंगहा और आसपास के जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभाग से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मोबाइल स्वास्थ्य यूनिट अथवा अन्य आवश्यक संसाधन विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और उन्हें उपचार के लिए दूर न जाना पड़े। इसके साथ ही डंगहा से हीरापुर के बीच कच्चे रास्ते पर मुरम बिछाकर सड़क निर्माण करने के लिए लगने वाली राशि देने की भी घोषणा मंच से की।

इस अवसर पर पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री मुकेश मरैया एवं सुश्री दुर्गेश नंदनीं उइके ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष साईंखेड़ा स्वाति सचिन अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य अंजु शुक्ला, राव संदीप सिंह, स्मृति जैन, हेमराज उईके, अशोक मार्सकोले, आरती राजपूत, रणजीत राजपूत, श्रीमती नीलू राजपूत, केएल साहू, नरेश कौरव, पूजा तिवारी सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामवासी मौजूद थे।