दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और अपनों के साथ उत्सव मनाने का अवसर है। इसी भावना के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग से मान्यता प्राप्त अरुणोदय सेवा संस्थान बाल गृह (बालक), पड़रा सीधी में बच्चों के साथ दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारी एवं पदाधिकारी बाल गृह पहुंचे और बच्चों के साथ समय बिताकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उनका हालचाल जाना और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों को मिष्ठान्न एवं आकर्षक उपहार भेंट किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बना। अतिथियों ने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए जीवन में बड़े सपने देखने, लक्ष्य निर्धारित करने और मेहनत एवं लगन के साथ उन्हें हासिल करने का संदेश दिया।
इस पहल का उद्देश्य बाल गृह में निवासरत बच्चों को त्योहार के अवसर पर अपनत्व, स्नेह और खुशियों का अनुभव कराना था। पूरे आयोजन के दौरान बाल गृह का वातावरण उत्सवमय बना रहा। बच्चों ने भी अतिथियों के साथ उत्साहपूर्वक दीपावली की खुशियां मनाईं।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष शांत शिरोमणि पयासी, सदस्य सचींद्र मिश्रा, सिद्धार्थ तिवारी एवं रंजना मिश्रा, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य धर्मेंद्र शुक्ल, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास प्रवेश मिश्रा, परिवीक्षा अधिकारी अनुराग पाण्डेय तथा बाल गृह अधीक्षक निर्मला सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।