जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड बासौदा के ग्राम मटयाई में एकल ग्राम नलजल योजना का निर्माण पूर्ण होने के बाद अब इसका लाभ ग्रामीण परिवारों को मिल रहा है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 48.35 लाख की लागत से निर्मित इस योजना का निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत आवश्यक परीक्षण एवं सत्यापन किया गया। योजना कार्य पूर्ण एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पाए जाने पर इसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित ग्राम पंचायत को संचालन एवं संधारण के लिए हस्तांतरित कर दिया गया है।

128 परिवारों को मिला क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन

योजना के अंतर्गत ग्राम मटयाई के 128 परिवारों को क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन ( FHTC) उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही 50 किलोलीटर क्षमता के सम्पवेल का निर्माण किया गया है। योजना के क्रियान्वित होने से ग्रामीण परिवारों को अब घर-घर पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो रही है।

पहले ग्रामीणों को पेयजल की व्यवस्था के लिए दूरस्थ जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। घर तक नल के माध्यम से पानी पहुंचने से ग्रामीणों के समय और श्रम की बचत हुई है। विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों को पानी लाने में लगने वाले अतिरिक्त समय से राहत मिली है।

ग्राम पंचायत की रहेगी संचालन एवं संधारण की जिम्मेदारी

योजना के हस्तांतरण के साथ अब इसके नियमित संचालन एवं संधारण की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायत की रहेगी। ग्राम पंचायत को ग्रामीणों को नियमित एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने तथा योजना की परिसंपत्तियों का समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा योजना के संचालन एवं पेयजल आपूर्ति की समय-समय पर निगरानी की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को निरंतर एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल सुविधा मिलती रहे।

सुविधा के साथ जीवन में आया बदलाव

ग्राम मटयाई में जल जीवन मिशन के तहत नलजल योजना के क्रियान्वयन से ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। हर घर तक नल से जल पहुंचने की सुविधा ने ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या को आसान बनाया है। स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता से जहां स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को बढ़ावा मिला है, वहीं पानी के लिए दूरस्थ जलस्रोतों तक जाने की आवश्यकता भी कम हुई है।

ग्राम मटयाई की यह नलजल योजना ग्रामीण क्षेत्रों में ‘ हर घर जल ’ के संकल्प को साकार करने और जनजीवन को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।