एशियन गेम्स 2026 में भोपाल की निशानेबाज आशी चौकसे ने एक बार फिर देश के लिए पदक जीता है। जापान के नागोया में महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम स्पर्धा में आशी, तिलोत्तमा सेन और विदरसा के. विनोद की भारतीय टीम ने 1763 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया।
चीन ने 1773 अंकों के साथ स्वर्ण और कजाकिस्तान ने 1754 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। आशी मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की खिलाड़ी हैं।
585 अंक, प्रोन में लगभग परफेक्ट
क्वालिफिकेशन में आशी ने 585 अंक बनाए। नीलिंग पोजिशन में उनके 196 और प्रोन पोजिशन में 199 अंक रहे। स्टैंडिंग में 93 और 97 की सीरीज के साथ उन्होंने टीम स्कोर को मजबूत आधार दिया। वे व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सकीं, लेकिन टीम के कुल 1763 अंकों में उनका योगदान अहम रहा।
एनसीसी से एशियाड तक
भोपाल में जन्मी आशी ने 2017 में कक्षा 9 में पढ़ते हुए नेशनल कैडेट कोर के जरिए शूटिंग शुरू की थी। इसके बाद उन्होंने भोपाल की मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में कोच सुमा शिरूर और वैभव शर्मा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया।
2022 में उन्होंने बाकू आईएसएसएफ वर्ल्ड कप के मिक्स्ड टीम इवेंट में स्वर्ण जीता था। 2023 के हांगझोऊ एशियन गेम्स में भी उन्होंने इसी स्पर्धा में टीम रजत और व्यक्तिगत कांस्य जीता था। नागोया का रजत एशियन गेम्स में उनकी लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि है।
