सेवा संकल्प - जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉं. शेर सिंह मीना एवं एसपी श्री दिलीप सोनी ने शुक्रवार को जिले के ग्राम जमुनिया स्थित 120 मेगावाट क्षमता के सोलर पार्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने सोलर पार्क की कार्यप्रणाली, विद्युत उत्पादन क्षमता एवं रख-रखाव की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के युवाओं को सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए सूर्य मित्र उद्यमिता, टेक्नीशियन का प्रशिक्षण तथा रोजगारोन्मुखी कंप्यूटर ट्रेनिंग की कार्ययोजना तैयार की जाए। कलेक्टर ने कहा कि सोलर पार्क न केवल हरित ऊर्जा को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा। प्रशिक्षण प्राप्त युवा सोलर पैनल स्थापना, मरम्मत एवं रख-रखाव के क्षेत्र में अपना उद्यम स्थापित कर सकेंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, एसडीएम श्री कमल मंडलोई, एनआरएलएम के श्री सक्सेना एवं सोलर ऊर्जा ब्लू लाईफ केयर एनर्जी के प्रतिनिधि एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।