जिले में 17 अक्टूबर तक संचालित ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ के तहत नगर परिषद शाहपुर द्वारा शनिवार को वार्ड क्रमांक 13, बड़ा बाजार में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि योजना) योजना अंतर्गत “लोक कल्याण मेला” का आयोजन किया गया। मेला का उद्देश्य नगर के स्ट्रीट वेंडर्स को पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल एवं विभिन्न सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।

मेला में लंबित ऋणों के वितरण, नवीन ऋण आवेदन, डिजिटल ऑनबोर्डिंग तथा क्रेडिट कार्ड आवेदन पर विशेष ध्यान दिया गया।शिविर में स्ट्रीट वेंडर्स को पीएम स्वनिधि योजना के तहत उपलब्ध तीनों चरणों के ऋण के संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रथम चरण में 15,000 रूपये तक का ऋण, द्वितीय चरण में 25,000 रूपये तक का ऋण तथा तृतीय चरण में 50,000 रूपये तक का ऋण प्राप्त हो सकता है।

आयोजित मेला में नगर परिषद द्वारा पात्र स्ट्रीट वेंडर्स से योजना के अंतर्गत ऋण हेतु आवेदन प्राप्त किए गए, जिन्हें आवश्यक कार्यवाही के उपरांत संबंधित बैंकों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण हेतु प्रेषित किया जाएगा।मेला में पात्र स्ट्रीट वेंडर्स के पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड हेतु ऑनलाइन आवेदन भी भरवाए गए। हितग्राहियों को क्रेडिट कार्ड की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपयोग के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

शासन के निर्देशों के अनुसार विशेष रूप से ऐसे वेंडर्स को क्रेडिट कार्ड के लिए प्रोत्साहित किया जाना है जिन्होंने अपना द्वितीय ऋण चुका दिया है।इसी श्रृंखला में पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत पूर्व में ऋण प्राप्त कर चुके हितग्राहियों की ‘‘पीएम स्वनिधि से समृद्धि” योजना अंतर्गत सामाजिक-आर्थिक प्रोफाईलिंग की गई।

इसके माध्यम से पात्र हितग्राहियों एवं परिवार के सदस्यों को केंद्र सरकार की 8 लाभकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की गई, ताकि पात्र परिवारों को अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ भी प्राप्त हो सके। विदित है कि पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों एवं उनके परिवार के सदस्यों की प्रोफाइलिंग कर उन्हें केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रावधान किया गया है।