स्वच्छ वायु सर्वेक्षण- 2026 में जबलपुर को राष्‍ट्रीय स्‍तर पर देश के तीसरे सबसे स्वच्छ वायु वाले शहर का खिताब मिलने पर महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू और नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज ने आज बुधवार को लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह से सिविल लाइंस स्थित उनके निवास पर भेंट कर इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की खुशियाँ साझा की। इस मौके पर महापौर परिषद के सभी सदस्‍य, नगर निगम आयुक्‍त राम प्रकाश अहिरवार भी मौजूद थे।

लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर को मिली इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रतिष्ठित सम्‍मान से राष्‍ट्रीय स्‍तर पर जबलपुर शहर का मान और सम्‍मान बढ़ा है और जबलपुर को एक नई पहचान मिली है। उन्‍होंने कहा कि यह सम्‍मान न केवल जबलपुरवासियों, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि शहर को प्राप्‍त यह उपलब्धि शहर वासियों के सकारात्‍मक सहयोग और नगर निगम की पूरी टीम की कड़ी मेहनत एवं निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और शुद्ध हवा जैसे महत्वपूर्ण विषयों में देश में शीर्ष रैंकिंग हासिल करना जबलपुरवासियों के लिए गर्व और गौरव का क्षण है।

मंत्री श्री सिंह ने इस उपलब्धि पर जबलपुरवासियों को बधाई देते हुए शहर के प्रत्येक नागरिक से अपने हिस्से की जिम्मेदारी निभाते हुए शहर को और अधिक स्वच्छ बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार के सहयोग और संरक्षण से प्रदेश के शहर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

ज्ञात हो कि भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में राष्‍ट्रीय वायु दिवस पर 7 सितम्‍बर को आयोजित राष्‍ट्रीय स्‍तर के सम्‍मान समारोह में जबलपुर को स्वच्छ वायु सर्वेक्षण- 2026 में 10 लाख से अधिक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश के सबसे स्‍वच्‍छ वायु वाले तीसरे शहर के प्रतिष्ठित सम्‍मान से अलंकृत किया गया था।