कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में पी.एम. श्री शासकीय एकीकृत हाई स्कूल बुखारी में विद्यार्थियों के लिए ‘तकनीकी शिक्षा’ विषय पर विशेष चर्चा एवं 3डी डेमो सेशन आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के महत्व, आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा 3डी प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। इस अवसर पर आयोजित 3डी डेमो सेशन में विद्यार्थियों ने 3डी प्रिंटर के माध्यम से एक आकर्षक वाटर बोट का निर्माण किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक 3 डी प्रिंटिंग की प्रक्रिया को समझते हुए तकनीक के व्यावहारिक उपयोग का अनुभव प्राप्त किया।
इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों में करके सीखने, रचनात्मक सोच, तकनीकी कौशल एवं नवाचार की भावना को प्रोत्साहित किया गया। आधुनिक तकनीक से जुड़ी इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी संभावनाओं से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें प्रयोग एवं नवाचार के प्रति रुचि भी विकसित की। जिला शिक्षा अधिकारी श्री यश जैन ने कहा कि विद्यालयी शिक्षा में तकनीकी एवं नवाचार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने से विद्यार्थियों में समस्या समाधान, रचनात्मकता और व्यावहारिक कौशल विकसित होते हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को ऐसी गतिविधियों से जोड़ना शिक्षा को अधिक प्रभावी एवं अनुभवात्मक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
