कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी विकास मिश्रा ने जिले के समस्त विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि सभी शासकीय पत्राचार में जनगणना-2027 के लोगो एवं स्लोगन को युक्तियुक्त स्थान पर अंकित करना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने बताया कि मध्यप्रदेश में जनगणना-2027 का कार्य दो चरणों में संपादित किया जा रहा है। भारत में जनगणना राज्य शासन के सहयोग से संचालित होने वाला एक वृहद प्रशासनिक कार्य है, जिसके सफल संचालन में जनसामान्य का सहयोग भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जनगणना के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए निदेशालय एवं जिला स्तर से विभिन्न माध्यमों के जरिए निरंतर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शासकीय पत्राचार में जनगणना-2027 के लोगो एवं स्लोगन का उपयोग करने से जनगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार में प्रभावी योगदान मिलेगा। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि अपने विभाग से जारी होने वाले शासकीय पत्राचार में जनगणना-2027 के लोगो एवं स्लोगन का अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने कहा कि जनगणना-2027 राष्ट्रीय महत्व का महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए इसके प्रति व्यापक जनजागरूकता एवं सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें।